अफजलगढ़। गांव भूतपुरी में नेशनल हाइवे के किनारे लगे विद्युत पोल उखड़ने से यहां के करीब 40 परिवारों को नौ माह से बिजली नहीं मिल रही है। ग्रामीण सुरेंद्र सिंह, विनय कुमार, ओमप्रकाश सिंह ने एक्सईएन को भेजी शिकायत में बताया कि नौ माह पहले हाइवे चौड़ीकरण के लिए निगम की ओर से उखड़वाए गए बिजली के खंभों को खड़ा नहीं किया जा सका है। इस पर करीब 40 बिजली कनेक्शन थे। इन्हें अब आपूर्ति नहीं हो रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया। मगर, अभी तक भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीण राजीव कुमार, चोखे सिंह, क्षेत्रपाल सिंह, बाबूराम सिंह, धर्मपाल सिंह ने विभागीय अधिकारियों से बिजली समस्या को दूर कराने की मांग की है। उधर, विभागीय अवर अभियंता आरके मौर्य का कहना है कि विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। जल्द बिजली समस्या को दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारु की जाएगी।