अमरोहा। शासन के आदेश के बाद भी कमालपुरी गांव में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित नहीं होने से नाराज किसानों ने कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन शुरू कर दिया है। स्योहारा चीनी मिल अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि चीनी मिल अधिकारी की मनमानी के चलते गन्ना सूखने की कगार पर पहुंच गया है। तत्काल सेंटर स्थापित नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को स्योहारा चीनी मिल क्षेत्र से जुड़े कमालपुरी के किसान एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां चीनी मिल अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए डीएम कार्यालय सामने धरने पर बैठ गए। मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों ने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन गन्ना आयुक्त के आदेश की अवहेलना कर रहा है। बताया कि शासन के आदेश के बाद भी कमालपुरी के नाम से गन्ना खरीद केंद्र अभी तक स्थापित नहीं किया गया है।
डीएम और जिला गन्ना अधिकारी से कई बार शिकायत की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिससे किसानों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
धरने पर बैठे किसानों को गन्ना समिति के चेयरमैन भगत सिंह बाबी ने समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताया। इस दौरान कावेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, केवल सिंह, जितेंद्र सिंह, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।