नकल विहीन बोर्ड परीक्षा के लिए कवायद शुरू
बिजनौर। शासन, बोर्ड की परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए सजग है। परीक्षा केन्द्रों को रोजाना नए निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इस बारे में उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने दस सितंबर को वीडियो कांफ्रेंस के जरिये नए निर्देश शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं। परीक्षा कक्षों में वायस रिकार्डिंग, सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेशों को पालन सुनिश्चित कराने के लिए राजपत्रित शिक्षा अधिकारियों की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय तीन निगरानी कमेटी बनाई गई हैं। कोताही बरतने वाले प्रधानाचार्य पर गाज गिर सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार के अनुसार दस सितंबर को उपमुख्यमंत्री व माध्यमिक शिक्षा मंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेंस द्वारा दिए निर्देशों के अनुसार बोर्ड परीक्षा केंद्रों के लिए वायस रिकार्डिंग सीसीटीवी कैमरे परीक्षा कक्ष की दोनों दीवार पर अब 13 सितंबर तक लगाना अनिवार्य किया है। शासन के आदेश पर 11 सितंबर से इनकी समीक्षा शुरू हो जाएगी। इसके लिए तीन कमेटी बनाई गई है। समीक्षा तीन दिन तक रोजाना होगी। प्रधानाचार्यों से सूचनाएं रोजाना देने को कहा गया है। जिनके प्रभारी सुभाषचंद्र उपप्रधानाचार्य जीआईसी बिजनौर, निर्मला शर्मा प्रधानाचार्य जीजीआईसी बिजनौर व अशोक कुमार प्रधानाचार्य हाई स्कूल पृथ्वीपुर हैं। हर समिति में दो दो सदस्य हैं। विद्यालयों को तिथि, विद्यालय कोड व जांच के लिए उपस्थित होने का विद्यालय आवंटित कर दिया गया है। डीआईओएस के अनुसार इसमें ढील बर्दाश्त नहीं होगी। कोताही बरतने पर प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई होगी।