नांगलसोती। गौसपुर माइनर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी नौबहार सिंह 18 वर्षीय पुत्र प्रद्युम्न नांगलसोती के मोहल्ला बड़तला में एक रिश्तेदार के घर पर शादी समारोह में शामिल होने आया था। 21 जून को शादी थी, मगर युवक शनिवार तक गांव में ही रुका हुआ था। शनिवार की दोपहर वह घर लौटने की बात कहकर अपने सगे भाई विशाल व चचेरे भाई के साथ निकला था। रास्ते में नांगलसोती के निकट गौसपुर माइनर पर पहुंचकर तीनों नहाने लगे। अचानक प्रद्युम्न डूबने लगा। भाई को डूबता देखकर उसके छोटे भाइयों ने शोर मचाया। आसपास काम कर रहे अतुल, तेजपाल, अंशुल, मुन्नू आदि ने रजबहे में डूबे प्रद्युम्न को बाहर निकाला। प्रद्युम्न को प्राइवेट चिकित्सक के पास ले जाया गया। चिकित्सक ने प्रद्युम्न को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। पुत्र का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजन प्रद्युम्न का शव घर ले गए।