नांगलसोती। हरचंदपुर और जीतपुर खास में जल्द ही ग्रामीणों को बिजली संकट से राहत मिलेगी। हरचंदपुर में 63 केवीए क्षमता के तीन और जीतपुर में इतनी ही क्षमता के दो ट्रांसफार्मर के माध्यम से विद्युत सुधार योजना लागू की जा रही है।
विद्युतीकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही सौभाग्य योजना के अंतर्गत नांगलसोती के गांव हरचंदपुर और जीतपुर में तत्काल प्रभाव से विद्युत विकास योजना लागू की गई है। एसडीओ अशोक कुमार और जेई नवनीत कुमार के अनुसार गांव हरचंदपुर में 100 केवीए और 63 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी। ग्रामीण लो वोल्टेज से परेशान थे। विद्युत निगम ने हरचंदपुर में सौभाग्य योजना के अंतर्गत 20 पोल के माध्यम से विद्युतीकरण योजना शुरू की है। योजना के अंतर्गत 63 केवीए क्षमता के तीन अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। योजना में गांव जीतपुर खास में 63 केवीए क्षमता के दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत सुधार योजना लागू की गई है। जीतपुर खास में भी 20 नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे। जेई नवनीत कुमार ने बताया कि जल्द ही दोनों गांव में विद्युतीकरण सुधार योजना का काम पूरा हो जाएगा।