बिजनौर। बीएसए महेश चंद ने किरतपुर ब्लॉक के कई परिषदीय और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। बीएसए के निरीक्षण में गांव हकीकतपुर वीरचंद में शिक्षामित्र सोनी सिंह बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थी। बीएसए ने उसका एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए हैं। कलापुर बुजुर्ग के प्राथमिक विद्यालय में 18 बच्चे पंजीकृत हैं, वहां एक भी छात्र मौजूद नहीं था। बीएसए ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रधानाध्यापक ईलम चंद और शिक्षामित्र रीता रानी का वेतन अग्रिम कार्रवाई तक रोकने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा भी कई स्कूलों का निरीक्षण किया गया, वहां सब कुछ संतोषजनक मिला। बीएसए के निरीक्षण से शिक्षकों में हड़कंप मचा रहा।