ट्रेन से कटकर मजदूर की मौत
हल्दौर ।
गांव सल्लाहपुर के निकट एक मजदूर व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया।
क्षेत्र के गांव सल्लाहपुर निवासी लियाकत अहमद (50) मेहनत मजदूरी करता था। उसका घर रेलवे लाइन के पास है। उसके परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे लियाकत अहमद अपने घर से सुबह की सैर के लिए निकला। वह रेलवे लाइन पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान अचानक नजीबाबाद से गजरौला जाने वाली ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आकर लियाकत की मौके पर ही मौत हो गई। शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। मृतक की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं है। उसके परिवार में तीन पुत्र, छह पुत्रियां समेत बीबी शामिल है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। लियाकत के भाई फिरोज अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर अपने सगे भाई की ट्रेन से कटकर मौत होने की तहरीर दी है।