बिजनौर। विधायक लोकेंद्र चौहान की दुर्घटना के दौरान कार चला रहे सचिन की मां अमलेश देवी भी विधायक के आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं। कहा कि उसके परिवार को चलाने वाला कोई नहीं है। इकलौता बेटा था जो इस हादसे में दुनिया से चला गया। उसके परिवार को मुआवजा दिलाया जाए व उनकी मदद की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सचिन की मां अमलेश देवी विधायक के मकान के द्वार पर खड़ी इंतजार कर रही थी। लोकेंद्र चौहान के परिजनों को सांत्वना देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब बाहर आए तो अमलेश देवी मुख्यमंत्री के पास पहुंच गईं और फूट फूटकर रोईं। कहा कि उनके बेटे सचिन की भी इस हादसे में मौत हुई है। उनके परिवार का पालन पोषण करने वाला अब कोई नहीं है। सचिन के ऊपर ही परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी थी। सचिन उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने सचिन को कई बार समझाया कि विधायक के साथ ट्रेन से जाओ, कार से मत जाओ। पर सचिन परिजनों की बात नहीं मानता था। वह विधायक के साथ कार से ही सफर करता था। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके परिवार की मदद की जाए। उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। मुख्यमंत्री ने सचिन की मां को मदद का भरोसा दिलाया और वहां से चल दिए।