बागड़पुर सहकारी समिति में 100 फर्जी सदस्य
बिजनौर। सहकारी समितियों की अनंतिम मतदाता सूचियों का शुक्रवार को प्रदर्शन कर दिया गया। परंतु मतदाता सूचियों में धांधलेबाजी की शिकायतों का सिलसिला जारी है। आरोप है कि बागड़पुर समिति में 100 सदस्य फर्जी और अपात्र बना दिए गए। समिति अधिकारियों ने एक गांव के किसानों को दूसरे गांव के निर्वाचन क्षेत्र में बिना आईडी के सदस्य बना दिया। जबकि उनके नाम अपने गांव के निर्वाचन क्षेत्र में भी हैं।
सहकारी समितियों के चुनाव में मतदाता सूचियों में धांधलेबाजी की शिकायत थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी समिति स्तर से हुई है। अभी नजीबाबाद ब्लाक की सहकारी समिति सखनपुर मड़का की मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला थमा नहीं था कि शुक्रवार को बागड़पुर सहकारी समिति मे 100 सदस्य फर्जी बनाने का मामला सामने आ गया। इतनी बड़ी तादाद में फर्जी सदस्य बनाने की शिकायत सामने आने पर अधिकारी आश्चर्य चकित हैं।
ग्राम अर्कांधा के ग्रामवासी हेमेंद्र, सौरभ आदि शुक्रवार को सीडीओ से मिले। ग्रामीणों ने शिकायती पत्र में कहा है कि उनका गांव चांदपुर की बागड़पुर सहकारी समिति में आता है। समिति में ककराला ग्राम पंचायत का गांव अकबरपुर झौजा भी आता है। आरोप लगाया कि समिति अधिकारियों ने अकबरपुर झौजा के 100 किसानों को साजिश के तहत अकौंधा निर्वाचन क्षेत्र का बिना आईडी देखे सदस्य बना दिया है। अकबरपुर झौजा के इन 100 लोगों के नाम उनके गांव के निर्वाचन क्षेत्र में भी बताए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि इससे चुनाव पर असर पडे़गा। एक व्यक्ति दो निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता नहीं हो सकता है। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले की जांच एआर को सौंपी है।
615 मतदाताओं नाम सूची से काटे
हल्दौर। किसान सेवा सहकारी समिति में बकाएदारों और मृतक मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने से 615 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। समिति के नौ निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत पूर्व मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 4950 थी। कुछ मतदाताओं ने बैंकों, सहकारी समितियों से कर्ज के रूप में रकम ले रखी थी। रकम की अदायगी न करने वाले बकाएदारों और मृतकों के नाम संशोधित मतदाता सूची में कुल 4335 के नाम शामिल किए गए हैं। स्थानीय किसान सेवा सहकारी समिति की दीवारों पर चस्पा मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम देखने व उनकी संख्या का आंकलन करने को लेकर मतदाताओं व दावेदारों की भीड़ लगी रही। पंचायत अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने संशोधित मतदाता सूची जारी करने की पुष्टि की है।