नजीबाबाद (बिजनौर)। मार्ग दुर्घटना में कोटद्वार के चिकित्सक दंपति और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
कोटद्वार के गोविंदपुर निवासी चिकित्सक डॉ.ज्ञानचंद अपनी पत्नी हरबंस कौर और पुत्र डॉ.राजकुमार के साथ कहीं जा रहे थे। नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर गांव लुकादड़ी के निकट दो कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। भीषण टक्कर से डॉ.ज्ञानचंद, उनकी पत्नी और पुत्र घायल हो गए। पत्नी हरबंस कौर को गंभीर चोटें आईं। रविवार शाम हुई दुर्घटना के बाद तीनों घायलों को नजीबाबाद के गांव समीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी समीपुर ने तीनों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। बताया जाता है कि जिस कार से चिकित्सक दंपति व उनका पुत्र घायल हुए, उसे टक्कर मारने वाले रिखनीखाल निवासी महेंद्र सिंह नेगी और सुरेंद्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों का मेडिकल कराया गया है। चर्चा है कि दोनों नशे की हालत में थे।