चांदपुर/बास्टा(बिजनौर)। बास्टा रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव बास्टा के मोहल्ला वीवीपुरा निवासी नसीम अहमद (25) रविवार की रात चांदपुर से बाइक से पुत्र शिफान के साथ घर लौट रहा था। बास्टा रोड पर भट्टे के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी भिडंत हो गई। इसमें दोनों घायल हो गया। घायलों को एंबुलेंस 108 ने सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नसीम को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय नसीम ने रास्ते में दम तोड़ दिया। नसीम की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नसीम की पांच साल पहले ही शादी हुई थी। उसका चार वर्ष का पुत्र और ग्यारह माह की पुत्री है।