अमर उजाला ब्यूरो
कोतवाली देहात (बिजनौर)।
ब्लॉक कोतवाली में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में हंगामे के बाद कई प्रस्ताव पास हुए । कई प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने एडीओ पंचायत और ब्लॉक कर्मचारियों के विरुद्ध अनियमितता बरतने के आरोप लगाए। साथ ही उन्हें ब्लॉक से हटाने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
ब्लॉक बढ़ापुर के सर्जित होने के बाद से कोतवाली ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों की प्रथम बार बैठक हुई। इसमें सदस्यों ने एक वर्ष पूरा होने के बाद भी क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य न कराने को लेकर हंगामा किया। कुछ सदस्यों ने बैठक की सूचना का एजेंडा न पहुंचने पर एतराज उठाया । ब्लॉक प्रमुख पूनम के आगामी बैठकों की सूचना समय से पहुंचाने के आश्वासन पर बीडीसी सदस्य शांत हुए। बैठक में कई सीसी रोड और सौर ऊर्जा लाइट लगवाने, स्वास्थ्य, गन्ना विकास एवं क्षेत्र के विकास के संबंध में लगभग 25 प्रस्ताव पारित किए गए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों ने एडीओ पंचायत पर सफाई कर्मचारियों से अवैध वसूली का आरोप लगाया। इसे लेकर सदन में एडीओ अजमल खॉ को ब्लॉक से हटाये जाने का प्रस्ताव पास हुआ। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बीडीओ प्रदीप कुमार ने शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया।ब्लॉक प्रमुख पूनम की अध्यक्षता और बीडीओ प्रदीप कुमार के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी कुलवीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख पति प्रदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोनिका चौधरी, खंड शिक्षाधिकारी देशराज वत्स, मंजीत सिंह, सहदेव सिंह, यशोदा देवी, नरेंद्र सिंह, पूनम देवी, रमेश कुमार, राशिद आदि मौजूद रहे।
क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में हंगामा, कई प्रस्ताव भी पारित हुए