जिले में 60 जर्जर विद्यालयों को मिलेगा नया भवन
बिजनौर। जनपद के 60 जर्जर परिषदीय विद्यालयों को नया भवन मिलेगा, इनके निर्माण के लिए शासन ने स्वीकृति दे दी है। बजट विभाग के खाते में आते ही इन विद्यालयों के भवन का निर्माण तेजी से शुरू हो जाएगा।
जनपद में परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में से 60 विद्यालय जर्जर घोषित कर दिए गए थे। इन भवन में बैठकर पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परिसर में बने अतिरिक्त कक्षों एवं अन्य बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया था। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इनके पुनर्निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया था। प्रस्ताव में ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल, ब्लॉक नूरपुर, ब्लॉक किरतपुर, ब्लॉक नहटौर क्षेत्र में विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा। जिला समन्वयक निर्माण सलीम बेग ने बताया कि शासन स्तर इन जर्जर भवनों के निर्माण को हरी झंडी देते हुए बजट स्वीकृत कर दिया। नए भवन निर्माण का बजट आते ही इन विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जर्जर विद्यालयों के नए भवन निर्माण के लिए बजट में धनराशि निर्धारित की गई। एक प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण में 15,14,000 हजार रुपये और एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के निर्माण में 28,22,000 रुपये निर्धारित की गई।
वर्जन...
जर्जर 60 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। बजट जारी होते निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा।
- जयकरन यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी