दो पुलिसकर्मियों सहित 59 संक्रमित मिले
बिजनौर। कोतवाली शहर के दो पुलिसकर्मियों सहित 59 और लोग कोरोना संक्रमित निकले। इनके साथ ही 1911 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। नए मरीजों में पुलिसकर्मी, चीनी मिलकर्मी आदि शामिल हैं। जिले में कोरोना की रफ्तार बेकाबू होती जा रही है। रोजाना जनपद में कोरोना केस मिल रहे हैं।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1510 हो गई है। इनमें से 1083 लोग कोरोना को हरा चुके हैं, जबकि 17 लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव केस 410 रह गए हैं। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक क्षेत्र में कोतवाली शहर के दो पुलिसकर्मी, एक चीनी मिल कर्मचारी समेत 15, नूरपुर थाने के दो पुलिसकर्मियों सहित छह, नजीबाबाद विकास खंड क्षेत्र के नौ, किरतपुर के सात, धामपुर के नौ, स्योहारा के चार, अफजलगढ, नहटौर, हल्दौर के तीन-तीन लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 1911 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।