हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की बहेगी बयार
बिजनौर। जिले में शैक्षिक सत्र 2018-19 में हिंदी व अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की मान्यता के लिए आवेदन करने वालों के लिए शासन ने एक मौका और दिया है। जिन स्कूलों की अभी तक मान्यता नहीं मिली थी व 15 फरवरी तक बीएसए कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
जिले में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की मान्यता के लिए जुलाई 2018 में आवेदन किया गए थे। सितंबर में मान्यता की फाइल सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक मुरादाबाद कार्यालय भेज दी गई थी। बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि जिन स्कूलों की मान्यता की फाइल मुरादाबाद से निरस्त हो गई थी तथा वह मानक पूरे नहीं कर पाए थे ऐसे स्कूलों को मान्यता के लिए एक मौका और दिया गया है। उन्होंने बताया कि मान्यता के लिए स्कूल पुन: 15 फरवरी तक बीएसए कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। अब आवेदन करने वालों को दोहरा शुल्क जमा करना होगा। स्कूलों को मान्यता मिलने से जिले में अंग्रेजी व हिंदी माध्यम स्कूलों की बयार बनेगी। मान्यता के लिए स्कूलों में कक्षा कक्ष, अग्निशमन, शिक्षकों की योग्यता संबंधी सूचनाएं पूरी कर ही फाइल जमा करनी होगी। स्कूलों की मान्यता का कार्य एक अप्रैल से शुरू होने वाले शिक्षा सत्र से पूर्व ही पूरा करने के शासन के आदेश हैं। ऐसे में जिले के बच्चों को भी कई स्कूलों की सौगात मिलेगी। बीएसए महेश चंद ने बताया कि नई मान्यता के लिए संबंधित ब्लॉक के खंड़ शिक्षा अधिकारी की संस्तुति सहित फाइल समय पर ही जमा करनी होगी।