भीम आर्मी ने सवर्ण आरक्षण का किया विरोध
बिजनौर। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने सामान्य वर्ग को दस प्रतिशत आर्थिक आरक्षण दिए जाने का विरोध किया है। इस संबंध में ज्ञापन देने के दौरान पुलिस द्वारा बाइक सीज करने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा व पुलिसकर्मियों से धक्का मुक्की की। इससे एसपी कार्यालय के बाहर भीड़ लग गई।
मंगलवार को भीम आर्मी कार्यकर्ता भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनर तले ज्ञापन देने के लिए पहले कलक्ट्रेट व बाद में एसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी कार्यालय के द्वार पर वाहनों के कागज, हेलमेट आदि चेक किए जा रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं की बाइक के कागज व हेलमेट न होने पर टोका और बाइक का चालान कर दिया। कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने दरोगा वे पुलिसकर्मियों से धक्का मुक्की भी की। दरोगा ने कार्यकर्ताओं को एसपी कार्यालय के गेट से हटा दिया। इस मामले को लेकर कार्यकर्ता एसपी से मिले व पुलिस की शिकायत की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की है। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में सामान्य वर्ग को आर्थिक आधार पर दिए दस प्रतिशत आरक्षण को संविधान विरोधी बताकर इसे समाप्त करने, बिहार में कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, दो अप्रैल 2018 को हुए आंदोलन में जेल भेजे गए कार्यकर्ताओं को रिहा करने, जोनपुर में अनुसूचित जाति के किसानों की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे हटवाने, जातिगत आधारित जनगणना कराने, उच्च सेवाओं में एससी, एससी व ओबीसी वर्ग को प्रतिनिधित्व देने तथा रोजगार के अवसर मुहैय्या कराने की मांग की है। इस दौरान जिलाध्यक्ष रोहित सागर, गिरवर सिंह, लोकेश सागर, ललित कुमार, वाजिद, राहुल कुमार, विवेक सैन, मुदस्सिर, नबील अहमद आदि मौजूद रहे।