आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने की पीएम की सराहना
बिजनौर । आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश (सीटू) की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि करने के फैसले की सराहना की गई। साथ ही प्रदेश सरकार से भी अपने स्तर पर और बढ़ोतरी करने की मांग की गई।
बुधवार को जिला सचिव विजय मलिक के आवास पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि यूनियन की ओर से दिल्ली में पांच सितंबर को धरना प्रदर्शन किया था। यूनियन ने मानदेय में वृद्धि की पुरजोर मांग की थी। इसमें हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशाओं ने भाग लिया था। यूनियन की मांगों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए मानदेय में 1500 रुपये की बढ़ोतरी का आश्वासन दिया। मानदेय में वृद्धि से सभी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं में प्रधानमंत्री के इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपने स्तर पर वृद्धि करने की मांग की है। कहा कि मोदी ने तो अपना वादा पूरा कर दिया है। अब योगी को अपने वादे को पूरा करना है।