गजरौला। नगर में छापामारी करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम को व्यापारियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। पॉलिथीन की चेकिंग करने को लेकर व्यापारियों ने टीम को घेर लिया। मामला बढ़ने पर टीम ने पुलिस बुला ली। बाद में टीम ने सात स्थानों पर छापा मारकर बारह सौ ग्राम पॉलिथीन और दो पैकेट डिस्पोजल जब्त किया। साथ ही चौदह हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं अमरोहा और गजरौला में करीब पचपन किग्रा फल नष्ट कराए। जबकि दूध के दो नमूने भी भरे।
मुख्य खाद्य निरीक्षक पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को अमरोहा के मोहल्ला लकड़ा से मुनव्वर अली और टीपीनगर चौराहे से दूूध के नमूने लिए। इसके अलावा टीम ने सड़े गले दस किग्रा सेब और पांच किग्रा अनार को नष्ट कराया। इसके बाद टीम ने गजरौला में ईओ के साथ पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान चौपला के पास दुकानदारों और व्यापारियों ने टीम को घेर लिया। छापामारी को लेकर नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने कहा कि पॉलिथीन की फैक्ट्री बंद क्यों नहीं कराई जा रही है। बाद में टीम को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद टीम ने अभियान चलाकर बारह सौ ग्राम पॉलिथीन और दो पैकेट डिस्पोजल जब्त कर लिया। दुुकानदारों पर चौदह हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा नगर में पंद्रह किग्रा पतीता, बीस किग्रा सेब और पांच किग्रा अनार नष्ट किया गया। इस दौरान गजरौला ईओ विजेंद्र पाल, खाद्य निरीक्षक महेश कुमार, पीके जयंत मौजूद रहे।