अमरोहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में वेक्टर जनित रोगों से बचाव और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ने उनके कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि जांच में बुखार से मौत का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि खादर में स्थापित आठ बाढ़ चौकियों में अब तक कुल 583 लोगों को जांच के बाद इलाज किया गया। अधिकारियों को निर्देशित कर सतर्क रहने को कहा गया है। संक्रामक रोगों से बचाव के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डीडीटी और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। संक्रामक रोगों से बचाव के लिए जिले के 175 गांवों और 169 स्कूलों में 189 अध्यापकों को जानकारी देकर प्रचार कराया गया है। कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत जिले में 12618 के लक्ष्य के सापेक्ष कुल 7457 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है। डेढ़ करोड़ से ज्यादा धन योजना के लाभार्थियों के खाते में भेजा जा चुका है।