बिजनौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर सूर्या फाउंडेशन की ओर से आयोजित योग शिविर में आलस्य एवं विपरीत भोजन को मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु बताया गया। आर्य समाज धर्मशाला किरतपुर में योग शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके बबली ने किया। जिला कोआर्डिनेटर नरेंद्र सिंह ने कहा कि आलस्य और विपरीत भोजन व्यक्ति को आगे बढ़ने से रोकते हैं। इसलिए कभी भी जीवन में न तो आलस्य को बढ़ावा देना चाहिए और न ही विपरीत भोजन करना चाहिए। जैसे दूध से बने खाद्य एवं पेय पदार्थ के साथ कढ़ी तथा अन्य खट्टे पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। विपरीत भोजन सारे शरीर को नुकसान देता है। शिविर में उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योगासन कराए गए। इस अवसर पर आरोग्य भारती के प्रांतीय अध्यक्ष वैद्य अजय गर्ग, योगाचार्य सुरेंद्र सिंह, योग शिक्षक मोहित कुमार, डा. बिजेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।