शेरकोट। राम मंधौरा निवासी वीर सिंह के मकान की दीवार शनिवार की सुबह तेज बारिश में ढह गई। इसके नीचे दबने से उसकी पत्नी ब्रह्मा कुमारी और बेटी वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के दौरान मां-बेटी सो रही थी। पिता मजदूरी करने के लिए सवेरे ही उठकर घर से चला गया था। दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वह पीएम आवास योजना का लाभ लेने के लिए प्रधान से लेकर ब्लॉक तक के चक्कर लगाकर थक चुका है। कहीं उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। प्रधान भी घर में मिट्टी से बनी दीवार होने की वजह से उसे अपात्र बताकर टरका देता है। ब्लॉक अधिकारियों ने भी उसे आवास की जांच कराना मुनासिब नहीं समझा। वह मजबूरन परिवार के साथ छप्पर के नीचे दिन रात गुजार रहा है। पीड़ित ने डीएम से जांच कर राजस्व विभाग से मुआवजा व पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है। उधर, तहसीलदार भान सिंह का कहना है कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन कराकर मुआवजा के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उधर, ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह का कहना है कि वीर सिंह बेहद गरीब है, वह उसे आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।