झुझैला स्कूल की जांच हुई शुरू
बिजनौर। नूरपुर के गांव झुझैला के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 60 छात्र पंजीकृत हैं। यहां पर तैनात शिक्षिका मोनिका रानी स्कूल नहीं पहुंच रहीं हैं। ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह और प्रधानाध्यापक गिरीश कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी डीएल राणा से मामले की शिकायत की थी। शिकायत के बाद भी डीएल राणा स्कूल नहीं पहुंचे। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना था कि डीएल राणा की मिलीभगत के चलते शिक्षिका स्कूल से नदारद रहती है। दो जुलाई को स्कूल खुले हैं। शिक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि अब भी शिक्षिका स्कूल नहीं आई है। ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह ने मामले में बीएसए को शिकायत की है। बीएसए महेश चंद्र ने बीईओ पीके शर्मा को जांच सौंप दी है, जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।