अमरोहा। अमरोहा की वेब शुगर मिल को चालू कराने सहित कई मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इसमें कहा गया है कि चुनाव पूर्व किए गए वायदे के अनुसार सरकार ने अभी तक स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं किया है। जिससे किसान अपनी फसलों को औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं।
दूसरी और चीनी मिलों ने किसानों का गन्ना भुगतान भी नहीं किया है। जबकि निजि नलकूप कनेक्शन लेने पर किसानों को जीएसटी की मार झेलनी पड़ रही है। जिससे किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है। यूनियन का कहना है कि चकबंदी व्यवस्थ में किसानों का जमकर शोषण किया जा रहा है जिसे किसी भी हालत में बरदास्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में बंद पड़ी वेब शुगर मिल को चालू न कराने और जल्द गन्ना भुगतान न कराने पर नौ जुलाई को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन देने के दौरान काले सिंह, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, जयपाल सिंह, टीटू त्यागी, डंगर सिंह, चंद्रपाल सिंह, अमर सिंह आदि मौजूद रहे।