बिजनौर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत चौथे दिन जिले भर के स्कूलों में यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर शिक्षकों और बच्चों ने स्वयं तो ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संकल्प लिया ही साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का प्रण लिया।
बृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन को शपथ दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर सेंटमेरी स्कूल में एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने कहा कि जीवन बड़ा ही अमूल्य है। इसकी महत्ता को समझकर सड़कों पर चलें। आरजेपी इंटर कॉलेज में एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने कहा कि सड़क पर सावधानीपूर्वक चलकर ही हम अपने जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं। सुरक्षित चलें, सुरक्षित चलाएं इस पर खुद भी अमल करें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। प्रधानाचार्य ओमपाल सिंह ने कहा सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन अवश्य करें। हमेशा सड़क के बाईं ओर ही चलें। उप प्रधानाचार्य कैप्टन बिशनलाल, एनसीसी के अधिकारी सुभाष, मदनपाल सिंह, राजीव चौधरी, जयसिंह ग्रेवाल, विक्रांत गौतम, सदनपाल, कल्याण सिंह, सुखविंदर सिंह, सुखवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, राजकीय बालिका कन्या इंटर कॉलेज में प्रार्थना स्थल पर हुए कार्यक्रम में बच्चों को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य निर्मला शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना हम सभी का दायित्व है। हर सूरत में इसका पालन करना चाहिए। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
यातायात जागरूकता रैली निकाली
नूरपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सार्वजनिक आर्य इंटर कॉलेज फीना के एनसीसी कैडेट्स ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। इससे पूर्व पुलिस चौकी पर थाना प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में एनसीसी कैडट्स ने वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग कर दुर्घटनाओं को रोके जाने की अपील की। हेलमेट लगाकर चलने वाले वाहन चालकों को एनसीसी कैडेट्स ने गुलाब के फूल देकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान ममता राजपूत, कॉलेज के प्रबंधक मनोज राजपूत, प्रधानाचार्य जगराम सिंह, उप निरीक्षक विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।