रामगंगा बांध क्षेत्र में बाघ सक्रिय होने से दहशत
कालागढ़ (बिजनौर)। रामगंगा बांध क्षेत्र में बाघ, सैंडिल बांध पर हाथी के सक्रिय होने से बांध क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। अधिकारियों ने कर्मचारियों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने का सुझाव दिया।
कालागढ़ के रामगंगा बांध क्षेत्र मे इन दिनों बाघ सक्रिय है। शेरनाला के निकट काम कर रहे श्रमिकों पर बाघ ने अचानक हमला भी बोला। इसी दौरान एक बाइक के वहां से तेजी से गुजर जाने के कारण बाघ का हमला विफल हो गया। वहीं, श्रमिक किसी हादसे का शिकार होने से बच गए। रामगंगा बांध के शेरनाला पर काम कर रहे कर्मी सुरेश, देवेश, अमित, लल्लू आदि का कहना है कि वह दोपहर का भोजन कर रहे थे। इसी बीच पीछे से किसी बाघ ने उन पर घात लगा रखी थी। जैसे ही बाघ ने छलांग मारी वैसे ही मार्ग पर एक बाइक सवार वहां से गुजर गया। दूसरी ओर, सैंडिल बांध पर भी इन दिनों काम चल रहा है। इस क्षेत्र में इकड़ हाथी का विचरण काम करने वालों के लिए दहशत भरा है। इस बारे में रामगंगा बांध के अफसर ईई शेर सिंह व रामबाबू ने वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने व होशियारी के साथ काम करने की सलाह दी है।