बिजनौर। इंदिरा पार्क में बच्चों के खेलकूद का दायरा बढे़गा। योग प्राणायाम स्थलों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पार्क में जगह जगह सुंदर फूल तथा औषधीय पौधे नजर आएंगे। सुबह शाम भ्रमण करने वाले लोग हरे भरे पार्क का आनंद लेंगे। डीएम जगतराज ने शनिवार को प्रशासनिक टीम के साथ इंदिरा पार्क का निरीक्षण किया। पार्क के प्रस्तावित प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम जगतराज ने इंदिरा पार्क के सुंदरीकरण का बीड़ा उठाया था। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी को इसका जिम्मा सौंपा गया। इस पर आवास विकास विभाग की तकनीकी टीम के साथ उद्यान आदि विभागों की टीम ने प्रोजेक्ट तैयार किया। इसके अंतर्गत पार्क को घास लगाकर हरा भरा बनाना, बच्चों के खेल सामग्री लगाना आदि शामिल है। शनिवार को डीएम जगतराज ने सीडीओ और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ इंदिरा पार्क का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को तलब करके सुंदरीकरण की प्रगति की जानकारी ली। डीएम कार्य प्रगति से असंतुष्ट दिखे। उन्होंने योजना का प्रभावी अमल करके सुंदरीकरण का काम शीघ्र पूरा करने की कड़ी हिदायत। डीएम ने बच्चेंा के लिए बन रहे खेल मैदान एवं लगने वाले सामान का दायरा बढ़ाने को भी कहा। कहा कि छोटे बचों के खेल उपकरण जैसे सीसा, रपटा, झूला आदि ज्यादा क्षेत्र में लगाए जाए। इससे बच्चे ज्यादा संख्या में आएंगे। डीएम ने कहा कि योग एवं प्राणायाम की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है। बरसात में लोग योग एवं प्राणायाम नियमित रूप से कर सकें, इसके लिए पार्क के निचले हिस्से में जगह जगह छायादार योग स्थल बनाए जाए। स्केटिंग मैदान बड़ा बनाया जाए।
सीडीओ ने जिला उद्यान अधिकारी लगाई फटकार
इंदिरा पार्क में घास बिछाई जानी है। उद्यान विभाग को घास बिछाने का प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जिला उद्यान अधिकारी से प्रस्तावित बजट के बारे में पूछा। जिला उद्यान अधिकारी ने घास बिछाने में 30 लाख रुपये का खर्च बताया। इस पर वे भड़क उठे। अधिकारी को फटकारते हुए कहा कि जनता का पैसे का सही उपयोग होना चाहिए।