बिजनौर । शासन माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति को लेकर सख्त हो गया है। अब माध्यमिक शिक्षकों का बायोडाटा आधार से लिंक होगा। डीआईओएस के अनुसार सात दिसंबर तक विवरण नहीं भेजने पर प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई होगी। डीआईओएस के मुताबिक इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा दूसरे चरण में 23 दिसंबर से शुरू होंगी।
डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार माध्यमिक स्कूलों का शैक्षिक माहौल सुधारने के लिए शासन ने कई निर्णय लिए हैं। शासकीय , सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों और वित्तविहीन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों का पूरा बायोडाटा आधार से लिंक होगा। शासन इसको लेकर सख्त है। जिले के स्कूलों को विवरण सीडी तैयार करके हार्ड कापी के साथ भेजनी है। शासन को पूरा विवरण 11 दिसंबर तक भेजा जाना है। विद्यालयों को हिदायत दी गई है कि वे सात दिसंबर तक सीडी और हार्ड कापी आवश्यक रूप से डीआईओएस कार्यालय को भेज दें। बायोडाटा में किसी प्रकार की चूक होने पर प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। डीआईओएस के मुताबिक जिले में इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दूसरे चरण में हैं। दूसरा चरण 23 दिसंबर से शुरू होकर 13 जनवरी तक चलेगा। प्रधानाचार्य प्रयोगात्मक परीक्षा के बारे में छात्रों को अपडेट कर दें।