तीन साल से शोपीस बने 14 राउंड पोल
भागूवाला/नजीबाबाद। क्षेत्र में कई जगहों पर हाईवे और प्रमुख मार्गों को खतरनाक ढंग से क्रॉस करने वाली विद्युत लाइनों की हालत में सुधार नहीं किया गया है। कोहरा छाने के बाद मार्ग पर काफी नीचे लटकीं विद्युत लाइनों से हर पल हादसे की आशंका बनी है।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर भागूवाला क्षेत्र में कई जगहों पर विद्युत लाइनें हाईवे को क्रॉस कर रही हैं। क्षेत्र में तीन वर्ष पहले उच्च क्षमता की विद्युत लाइन बनाने के लिए 14 राउंड पोल लगाए गए थे। मगर अब तक भी राउंड पोल पर विद्युत लाइन नहीं बनाई गई है। वर्षों पुरानी जर्जर विद्युत लाइनें खतरनाक ढंग से काफी नीचे लटकी हैं। विद्युत लाइनों के नीचे से गन्ने से भरे वाहनों के अलावा काफी ऊंचे वाहन गुजर रहे हैं।
जर्जर तारों को डंडों के सहारे रोककर रखा गया है। वाहनों के गुजरने के दौरान विद्युत लाइनों में स्पार्किंग से चिंगारियां उठने से अक्सर राहगीर भयभीत हो रहे हैं। क्षेत्र में राउंड पोल शोपीस बने हैं, जबकि विद्युत लाइनों को खतरनाक ढंग से एक ही स्थान से ऊपर-नीचे से गुजारा जा रहा है। क्षेत्रवासियों चंद्रशेखर, पवन कुमार, अनवार अहमद आदि ने राउंड पोल पर विद्युत लाइन बनवाने और हाईवे के ऊपर से जर्जर विद्युत लाइन हटवाने की मांग की।