हादसे में एक की मौत, दो घायल ो
मंडावर।
सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। तीनों सड़क किनारे एक गड्ढे में घायल अवस्था में पूरी रात पड़े रहे। मंगलवार सुबह कुछ युवकों ने पुलिस को सूचना दी। दो घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
मंगलवार सुबह क्षेत्र के युवक पुलिस, आर्मी की भर्ती की तैयारी के लिए सड़क पर दौड़ लगा रहे थे। उन्होंने शहबाजपुर-रतनपुर के पास सड़क किनारे गड्ढे में एक स्कूटी और तीन घायलों को पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर देखा तो एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। राहगीरों ने मृतक की पहचान गांव बसी रूहानसी निवासी 40 वर्षीय मेघा सिंह के रूप में और घायलों की मोहन सिंह व सुंदर सिंह के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक एक घायल की जेब से शराब के दो पव्वे मिले हैं। वहीं गांव वालों का कहना है कि तीनों सोमवार शाम को गांव से आए थे। रात में ही किसी समय ये घर को लौट रहे होंगे। यह नहीं कहा जा सकता है कि उनको किसी वाहन ने टक्कर मारी या फिर वे अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरे। गांव वालों का कहना है कि घटना के कुछ समय बाद ही पता चल जाता तो शायद मेघा सिंह की जान बच जाती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।