सांसद की ओर से आयोजित हुआ सम्मान समारोह
जिलेभर से लेकर गढ़ विधानसभा क्षेत्र के शिक्षक भी सम्मानित हुए
अमर उजाला ब्यूरो
रजबपुर/अमरोहा।
भाजपा सांसद कंवर सिंह तंवर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर संसदीय क्षेत्र के करीब 8500 शिक्षकों को सम्मानित किया। उपहार और प्रतीक चिह्न भेंट कर गुरुओं का सम्मान किया। गुरुकुल चोटीपुरा की छात्राओं ने गुरुओं के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षकों के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि, गुरु की महिमा और उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उधर केक काट कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया।
सांसद कंवर सिंह तंवर के झनकपुरी स्थित कैंप कार्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गुरुकुल चोटीपुरा की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उसके बाद संसदीय क्षेत्र के लगभग 8500 शिक्षकों को सम्मानित किया। इसमें अमरोहा जनपद, गढ़ और हापुड़ क्षेत्र के स्कूल, कालेजों के शिक्षक शामिल हैं। सांसद ने सभी शिक्षकों को उपहार और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कहा कि गुरुओं के आशीर्वाद से जीवन में सफलता मिलती है। गुरु का दर्जा समाज में सबसे ऊंचा है। पार्टी द्वारा गुुुरु के सम्मान में पूरे देेश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अपने संबोधन में कहा कि मैं सरकार का सेवक हूं। एक सेवक की तरह कार्य कर रहा हूं। क्षेत्र के विकास पर प्रमुखता से ध्यान दिया जा रहा है।
धनौरा विधायक राजीव तरारा ने शिक्षकों के सम्मान में प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए संदेश को पढ़कर सुनाया। संदेश में यह अत्यंत हर्ष का विषय है राष्ट्र निर्माण के स्तंभ यानि शिक्षकों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया जा रहा है। गुरु की महिमा और उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। देश की प्रगति में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों का योगदान सर्वोपरि है। मजबूत नींव से ही इमारत का भविष्य तय होता है। बच्चे हमारा भविष्य हैं और उन्हें बचपन से ही सही मार्गदर्शन मिले तो अपने लक्ष्य तक सफलतापूर्वक पहुंच जाते हैं। देश निर्माण में लगे शिक्षकों को उनके परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया जाना एक सराहनीय कदम है। शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित होने वाले शिक्षकजनों को हार्दिक बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि सम्मानित शिक्षक देश को नई दिशा देंगे। सभी को शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रपाल सिंह ने विचार व्यक्त किए। यहां, पंचायत राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंसी, गढ़ विधानसभा विधायक कमल मलिक, चांदपुर विधायक कमलेश, हापुड़ जिला अध्यक्ष अशोक पाल, पूर्व विधायक तोताराम सिंह, जिला अध्यक्ष ऋषिपाल नागर, ब्रजेश चौधरी, राम प्रकाश चौहान, राकेश वर्मा, गुरुकुल चोटीपुरा की प्राचार्या डा. सुमेधा, चौधरी दिवाकर सिंह, आचार्य धर्मेेशानंद, राम सिंह सैनी, राकेश, सोमेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी बॉबी मलिक, सौरभ चौधरी, मुनव्वर अली, खुर्शीद हैदर जैदी, चंचल वर्मा आदि मौजूद रहे।