नूरपुर। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गांव फतेहाबाद में एक बंद पड़ी आटा मिल में छापा मारकर भारी मात्रा में दूसरे राज्य से तस्करी कर लाई शराब बरामद की है। छापे के दौरान शराब माफिया मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार की शाम करीब चार बजे आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजीव कुमार सिंह की टीम ने पुलिस को साथ लेकर गांव फतेहाबाद में बंद पड़ी एक आटा में छापा मारा। मिल से पुलिस को कमरों के अंदर छुपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की करीब 200 पेटी शराब मिली। छापे की कार्रवाई से पूर्व ही शराब माफिया मौके से फरार हो गए। बरामद हुई शराब हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई गई थी। आबकारी अधिकारियों के अनुसार पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। उक्त आटा मिल गांव के ही मीनू कुमार की बताई जा रही है। पुलिस बरामद शराब को थाने ले आई। समाचार भेजे जाने तक आबकारी टीम थाने में शराब को सील करने की कार्रवाई में जुटी थी।