पक्षपाती रवैया न अपनाएं अफसर : मंडलायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
नगीना (बिजनौर)।
मंडलायुक्त एल वेंकटेश्वर लू ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि जनोपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ईमानदारी से काम करें। किसी भी हालत में पक्षपाती रवैया नहीं अपनाया जाए।
एक बैंक्वट हॉल में हुए कार्यक्रम में मंडलायुक्त ने कहा कि अफसर भाईचारा बनाएं और श्रमदान करें। खुले में शौच की समस्या अतिगंभीर है। उन्होंने जागरूक लोगों को साथ लेकर इसका निदान करने को कहा। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. यशवंत सिंह ने सरकारी स्कूलों के वातावरण को बदलने, वहां मौजूद गंदगी की सफाई मनरेगा कार्यक्रम के तहत कराने, स्कूलों में समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। डीएम जगतराज त्रिपाठी ने शिक्षा, स्वास्थ्य के संदर्भ में चल रही सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही क्षेत्र में खनन, कूड़े का डिस्पोजल जैसी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
एसपी अतुल शर्मा ने महिलाओं को डायल 100, 1090 का लाभ उठाने की सलाह दी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, एडीएम वित्त सुरेंद्र राम, भाजपा नेता व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आरके सिंह, पूर्व मंत्री ओमवती, ब्लॉक प्रमुख कोतवाली पूनम चौधरी, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी जगजीत सिंह, डीसीओ ओमप्रकाश सिंह, सीएमओ डा. सुखवीर सिंह, बीएसए महेश कुमार ने भी इस दौरान संबोधित किया। संचालन सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने किया।
भाकियू भानू के राष्ट्रीय महासचिव विजय सिंह सहरावत, राजेंद्र सिंह, नरेश कुमार ने मंडलायुक्त को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन देकर सभी किसानों का पूरा कर्ज माफ कराने की मांग की। नगीना क्राफ्ट डेवलपमेंट सोसायटी के अध्यक्ष इरशाद अली मुलतानी ने काष्ठकला उद्योग पर लगा 12 प्रतिशत जीएसटी हटाने की मांग की। मंडलायुक्त ने तहसील सभागार में बैठक में लंबित वादों के निस्तारण, बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई, लापरवाह कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम उमेश कुमार मिश्र, तहसीलदार नवनीत गोयल आदि मौजूद रहे।