गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत मिलेगा अनुदान
बिजनौर। सरकार ने इस साल गेहूं के दामों में 40 रुपये और इसके बीज के दामों में 120 रुपये प्रति क्विंटल तक की वृद्धि हुई है। हालांकि सरकार की ओर से गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत का अनुदान भी दिया जाएगा। गन्ने के बाद गेहूं जिले की सबसे ज्यादा रकबे वाली फसल है। जिले में करीब डेढ़ लाख हेक्टेयर जमीन में गेहूं की फसल बोई जाती है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत नस्ल के बीज दिलाए जाते हैं। जिस फसल का बीज बोने के लिए तैयार किया जाता है, उसे आधारीय बीज बोलते हैं। इस बीज से जब दो तीन बार फसल प्राप्त कर ली जाती है तो वह प्रमाणित बीज होता है। इस तरह के बीज से तैयार फसल में रोग आने की संभावना कम रहती है। सरकार ने पिछले साल प्रमाणित बीज के दाम 3580 और आधारीय बीज के दाम 3915 रुपये प्रति क्विंटल तय किए थे। इस बार आधारीय बीज के दाम बढ़ाकर 3700 और प्रमाणित बीज के दाम बढ़ाकर 3915 रुपये कर दिए हैं। इस बीज को खरीदने पर किसानों को 50 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा। पिछले साल सरकार ने किसानों के गेहूं का दाम 1975 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया था, जिसे इस बार 40 रुपये बढ़ाकर 2015 रुपये किया गया है। विभाग के पास इस समय 2108 क्विंटल बीज उपलब्ध है, जबकि विभाग का गेहूं बांटने का लक्ष्य आठ हजार 654 क्विंटल रखा गया है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र के अनुसार किसानों को बीज की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।