नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट से दिव्यांग का मतदान कराती टीम।
नजीबाबाद। विधानसभा नजीबाबाद क्षेत्र के 85 से अधिक उम्र के और दिव्यांग मतदाताओं ने पोस्टल बैलट के माध्यम से मतदान किया। प्रशासन की टीम ने घर-घर जाकर मतदान कराया।
विधानसभा क्षेत्र नजीबाबाद के लिए एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह और तहसीलदार कमलेश कुमार की देखरेख में पोस्टल पायलट के माध्यम से 85 से अधिक उम्र वाले मतदाताओं के साथ दिव्यांगों के मत डलवाए गए। सेक्टर मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार जितेंद्र चाहर और नायब तहसीलदार ममता यादव ने टीम के साथ घर-घर जाकर पोस्टल बैलट वोट डलवाए। नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र से कुल 46 मतदाताओं ने पोस्टल बैलट के लिए आवेदन किया था, इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वाले 28 और 18 दिव्यांग मतदाता शामिल थे। मात्र दो मतदाताओं को छोड़कर सभी ने पोस्टल बैलट के माध्यम से अपनी पसंद के प्रत्याशियों को मत डाले।
सेक्टर मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार ममता यादव ने बताया कि नांगलसोती के एक बुजुर्ग मतदाता की एक अप्रैल को मृत्यु हो गई। नगर पंचायत साहनपुर की एक बुजुर्ग महिला मतदाता बीमारी के चलते उपचार के लिए बाहर हैं।