उपमुख्यमंत्री से वार्ता के बाद मूल्यांकन बहिष्कार खत्म
बिजनौर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के प्रतिनिधियों द्वारा उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से वार्ता के बाद बोर्ड उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन बहिष्कार वापस ले लिया गया है। जिलाध्यक्ष सोमदेव सिंह ने बताया कि शनिवार को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री से प्रदेश संरक्षक राजबहादुर सिंह चंदेल, अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, प्रांतीय महामंत्री रामबाबू शास्त्री ने वार्ता की। उपमुख्यमंत्री ने वित्तविहीन शिक्षकों को कुशल श्रमिकों के बराबर पारिश्रमिक देने, तदर्थ शिक्षकों को विनियमित करने तथा मूल्यांकन संबंधी सभी स्तर की दरों में वृद्धि करने की मांग मान ली है। जिलाध्यक्ष सोमदेव सिंह ने बताया कि वार्ता के बाद बोर्ड उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन बहिष्कार को समाप्त कर दिया गया है। जिला मंत्री पंकज कुमार, कोषाध्यक्ष हरज्ञान सिंह, जितेंद्र मारवाड़ी, विमल सिंह, महेंद्र सिंह आदि ने मांगे पूरी होने पर खुशी जताई।