15 मार्च को बिजनौर में होगी महापंचायत
नजीबाबाद। भाकियू भानु ने गन्ना मूल्य भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में पंचायत की। जिलाध्यक्ष ने आठ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन भानु की पंचायत तहसील परिसर में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि सरकार ने कर्ज माफी, गन्ना मूल्य भुगतान तथा किसानों की समस्याओं के प्रति उदासीन नीति अपना कर किसानों को आंदोलन के लिए विवश किया है। जिलाध्यक्ष ने कहा यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों की समस्याएं हल नहीं हुईं तो भाकियू भानु 15 मार्च को बिजनौर के कलक्ट्रेट में महा पंचायत करेगी। भाकियू की ओर से एक ज्ञापन एसडीएम उमेश कुमार मिश्र को सौंपा गया। ज्ञापन में बिजनौर और चांदपुर चीनी मिल द्वारा किसानों का गन्ना बकाया तुरंत भुगतान कराने, चालू पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने का 14 दिन के भीतर भुगतान कराने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पूूर्ण रूप से लागू करने, बिजली की जर्जर लाइनें बदलने, 60 वर्ष से अधिक के किसानों और मजदूरों को 5 हजार रुपये पेंशन दिए जाने, नांगल-चंदक नहर पटरी मार्ग मक्का कराने सहित कई मांगे शामिल थीं। चौ. वीर सिंह की अध्यक्षता और जिला महामंत्री पद्म सिंह के संचालन में आयोजित किसान पंचायत में युवा जिलाध्यक्ष अर्पण चौधरी, डोरीलाल, गजराज, शीशपाल, रामकुमार, विजय पहलवान, शहजाद, हनीफ, दीवान सिंह, सीताराम, नरेश प्रधान, कल्याण सिंह, अनवार, जावेद, भूपेंद्र सिंह, रामपाल, नफीसा, गोविंद, हाशिम, धर्मवीर सहित अनेक किसान शामिल रहे।