बिजनौर। भूगर्भ जल संरक्षण विषय पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में डीएवी के आशुतोष एवं जूनियर वर्ग में इसी विद्यालय के योगेंद्र ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में बिजनौर के डीएवी इंटर कॉलेज, आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, गीता इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्या निर्मला शर्मा ने कहा कि यदि आज हम नहीं जागे तो आने वाला कल बहुत ही भयावह होगा। यदि इसी तरह से जल की बर्बादी होती रही तो निश्चित रूप से एक दिन हमें जल के लिए तरसना पड़ेगा। उप प्रधानाचार्या गीता विश्नोई ने कहा कि जल मानव की मूलभूत आवश्यकता है। इसके लिए हमें अभी से ही जल संरक्षण करना होगा। तभी भावी पीढ़ी सुरक्षित होगी। इससे पूर्व हुई प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में डीएवी इंटर कॉलेज के आशुतोष, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की बरीश इफ्तेखार, केपीएस इंटर कॉलेज की कशिश गुप्ता, जूनियर वर्ग में डीएवी के योगेंद्र कुमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की सामिया, डीएवी के रितिक भारद्वाज क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल में अकदस फात्मा, मोनिका सहाय, पारुल शर्मा रहीं। इस मौके पर रश्मि गुप्ता, पिंकी, ज्योति, अंजू, बबीता गोयल, डा. रंजना राजपूत, डा. प्रज्ञा श्रीवास्तव, माधुरी विश्नोई आदि उपस्थित रहे।