नूरपुर। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गांव छजुपुरा में रात्रि निवास कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए।
ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायती राज दिवस के अवसर पर गांव छजुपुरा के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा ने गरीबों का जीवन स्तर उठाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं को शुरू किया है। भाजपा सरकार में सभी घरों में बिजली और चूल्हे के बजाय गैस पर खाना बन रहा है। सबका साथ, सबका विकास भाजपा का ऐजंडा है। बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का सभी को लाभ मिल रहा है। ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी, गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को मकान की चाबी सौंपी तथा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व भूपेंद्र चौधरी का ग्राम प्रधान निशा रानी ने स्वागत किया। कार्यक्रम में सीएमओ, एसडीएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसोदिया आदि प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। देर रात दस बजे तक चले कार्यक्रम का संचालन सरदार हरभजन सिंह ने किया।