धामपुर। विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण धामपुर रेलवे स्टेशन पर दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन अचानक रुक गई। करीब 20 मिनट बाद सिग्नल मिलने पर ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई। वहीं यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ गया। कई ट्रेनें भी आपूर्ति बाधित होने से रुकी रहीं।
रविवार को दरभंगा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर अप लाइन पर बरौनी से अमृतसर के लिए जा रही थी। जब ट्रेन धामपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो विद्युत लाइन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से दरभंगा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें अपने स्थानों पर जहां की तहां रुक गई। करीब 20 मिनट तक ट्रेन रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही, इससे यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई। यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर पीने तक के लिए पानी नहीं मिल पाया। यात्री पानी को पेयजल समस्या को लेकर परेशान दिखाई दिए। टंकी भी दूषित पानी उगल रही थी। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद सिग्नल मिलने पर ट्रेन को रवाना किया गया। उधर, स्टेशन मास्टर बीपी शुक्ला का कहना है कि तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन रोकी गई थी। लाइन सुचारु होने के बाद ट्रेन रवाना हो गई।