नजीबाबाद/भागूवाला। कोटावाली नदी पुल पर खतरा अभी टला नहीं है। पुल से गुजरते समय वाहनों में सवार लोगों को कंपन महसूस हो रहा है। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन एहतियात बरत रहा है। आईआईटी रुड़की के इंजीनियर्स की टीम पुल के बचाव के लिए रिपोर्ट तैयार करेेगी। एसडीएम ने पुल का निरीक्षण कर पुलिस को पुल से ओवरलोड वाहन न गुजरने देने के निर्देश दिए।
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित कोटावाली नदी पुुुल पर बनी सड़क नदी में उफान आने के बाद दो हिस्सों में बंट चुकी है। साथ ही पुल के एक पिलर में दरार पड़ चुकी है। मंगलवार देर शाम एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने पुल क्षेत्र का निरीक्षण कर मंडावली और श्यामपुर (उत्तराखंड) थाने की पुलिस को पुल से ओवरलोड वाहनों को न गुजरने देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुल पर वाहनों की गति धीमी रखने को कहा।
उधर, आईआईटी रुड़की की इंजीनियर्स टीम ने पुल के ऊपरी और निचले हिस्से का निरीक्षण किया। इंजीनियर्स ने पिलर में आई दरार और पुल की सड़क के दो हिस्सों में बंटने के कारणों का आंकलन किया। टीम ने पुल की मरम्मत के लिए उठाए जाने वाले जरूरी कदमों को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपने की बात कही। यूपी-उत्तराखंड सीमा पर आवागमन के एकमात्र मार्ग पर स्थित पुल से आवागमन के दौरान कंपन महसूस होने से क्षेत्रवासियों में खासी बेचैनी है।