आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वस्थ हुए 3956 बच्चे
बिजनौर। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कुपोषित बच्चों को स्वस्थ किया जा रहा है। जिले में जून माह में 5875 कुपोषित बच्चे चिह्नित किए गए थे। जिनमें से 3956 बच्चे स्वस्थ हो चुके हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्र ने बताया कि कुपोषित बच्चों को स्वस्थ करने के लिए हर साल अभियान चलाया जाता है। उन्हें पोषक आहार दिया जा रहा है। अगर इससे भी बच्चे का कुपोषण दूर नहीं होता तो उसे जिला अस्पताल में बने एनआरसी में रेफर किया जाता है। एनआरसी में बच्चे को 14 दिनों तक रखने का नियम है। इन दिनों में बच्चे के खान-पान का पूरा ध्यान रखा जाता है। यहां बच्चे को पौष्टिक आहार व कुछ जरूरी दवाएं देकर जल्द से जल्द कुपोषण दूर करने का काम किया जा रहा है। जिले में अभी भी 1919 बच्चे कुपोषण की गिरफ्त में हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मदद से इनकी लगातार निगरानी की जा रही है। खाने में पोषक तत्वों के अभाव की वजह से बच्चों की लंबाई और वजन कम रह जाता है। वह अन्य बच्चों की तुलना में कमजोर दिखते हैं। उनके शरीर का विकास रुक जाता है। ऐसे बच्चों की आंख भी कमजोर हो जाती है। बच्चों को प्रोटीनयुक्त भोजन दें। उनके भोजन में दालें, सोयाबीन, अंडा, मछली, दूध, दलिया आदि को शामिल करें।