जिला अस्पताल में 355 कांवड़ियों ने कराई जांच
बिजनौर। हरिद्वार से कांवड़ लाने वालों को जैसे ही पता चला कि कोरोना की जांच अनिवार्य है, तो उन्होंने बिना देरी किए अपना कोविड टेस्ट कराने में ही भलाई समझी। जिला अस्पताल में सुबह नौ बजे से ही कोरोना की जांच कराने के लिए लोग आने शुरू हो गए थे। इसके बाद शाम पांच बजे तक वहां पर लोगों के आवागमन का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान 355 आरटीपीसीआर और 66 रेपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच हुई।
11 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व है। शिवभक्त कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगाजल भरकर कांवड़ लाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर जिले से हजारों की संख्या में लोग हरिद्वार से कांवड़ लेने जाते हैं। शासन की गाइडलाइन के अनुसार इस बार कांवड़ लेने वाले भोले बाबा के भक्त को अपनी कोरोना जांच कराना अनिवार्य किया गया है। इससे पूर्व वेबसाइट http://www.cowin.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराना भी जरूरी किया गया है। शनिवार को जिला अस्पताल में अपनी कोविड जांच कराने वालों की लंबी लाइन लग गई। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद ने बताया कि कांवड़ लेने जाने वाले 355 लोगों ने अपनी आरटीपीसीआर जांच कराई, 66 लोगों के रेपिड एंटीजन किट से जांच हुई। उन्होंने बताया कि जिनकी शनिवार को जांच हुई है, उनकी रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जो भी लोग कांवड़ लेने के लिए अपनी आरटीपीसीआर जांच कराना चाहते हैं, इससे पूर्व वे वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करने के बाद ही कोविड जांच कराने अस्पताल में जाएं।