सहकारी समिति चुनाव : निस्तारण आज, बाद में अंतिम मतदाता सूची का होगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सहकारी समितियों में अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन किया गया जा चुका है, जिन पर करीब 350 आपत्ति मिली हैं। अब इनके निस्तारण पर दावेदारों की निगाह टिकी हैं। निस्तारण करते हुए आज सोमवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन होगा।
जिले में 98 सहकारी समितियों में चुनाव हैं। 11 मार्च को अनंतिम मतदाता सूचियों का प्रदर्शन हुआ था। रविवार को अनंतिम मतदाता सूचियों पर आपत्तियां दर्ज की गईं। आपत्ति दाखिल करने के लिए समितियों पर किसान नेताओं की भीड़ जुटी रही। सहकारी समितियों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 350 आपत्ति आई हैं। उधर, किसान सेवा सहकारी समिति भरैरा के वार्ड नंबर चार पेदी से गांव सालमाबाद के मतदाताओं को हटाकर गांव में ही करने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान ने भी मतदाताओं को ग्राम सालमाबाद का निवासी बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डाॅ. प्रदीप सिंह के अनुसार 13 मार्च अर्थात आज सबसे पहले प्राप्त आपत्तियों का विधि सम्मत निस्तारण होगा। इसके बाद ही अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जाएगा। अनंतिम मतदाता सूचियों में करीब दो लाख मतदाता हैं।
आरक्षण और परिसीमन ने बिगाड़ा कई का खेल
जिले में सहकारी समितियों में संचालक का चुनाव लड़ने वाले अनेक दावेदार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे। परंतु आरक्षण व अन्य तकनीकी कमियों ने दावेदारों का खेल बिगाड़ दिया है। दावेदारों के समर्थकों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। अब दावेदारों की निगाह आपत्तियों के निस्तारण पर टिकी हैं।
14 को होंगे नामांकन
सहायक निबंधक सहकारी समितियां डाॅ. प्रदीप सिंह के अनुसार 13 मार्च को समितिवार मतदाता सूची अंतिम रूप से घोषित हो जाएंगी। जिले के 98 समितियों में 882 संचालक पदों के लिए नामांकन पत्र 14 मार्च को जमा होंगे।