अब मूल तैनाती वाले विद्यालय में ही पढ़ाएंगे शिक्षक
धामपुर। बीएसए महेशचंद ने कहा कि शासन की ओर से शिक्षकों के संबद्धीकरण की प्रक्रिया को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। शिक्षक की जिस विद्यालय या ब्लाक में तैनाती है, वह उसी में पढ़ाई कराएंगे। आदेशों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। शासन की ओर से भले ही शिक्षकों के संबद्धीकरण की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया हो, लेकिन जिले में अभी भी विभाग के अधिकारियों से सेटिंग कर सरकार के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। धामपुर तहसील के अफजलगढ़ में दो शिक्षकों के संबद्धीकरण को लेकर पैदा हुआ बवाल थमा नहीं था। धामपुर, स्योहारा और नहटौर ब्लाक में विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर एक ब्लाक से दूूसरे ब्लाक के पसंदीदा स्कूलों में संबद्धीकरण करा रखा है। जब इस संबंध में बीएसए महेशचंद से बात की तो उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी शिक्षक का संबद्धीकरण नहीं किया है। जो भी हुआ है वह डीएम स्तर से हुआ है।