स्वच्छता को जिले में बनाना है जनआंदोलन
बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत अधिकारियों की बैठक ली। अभियान में किसी भी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। स्वच्छता ही सेवा को जनआंदोलन बनाने के लिए कहा।
डीएम ने कहा कि 15 सितंबर से दो अक्तूबर तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विकास खंडों का प्रभारी बनाकर अभियान के क्रिया कलापों को क्रियान्वित करना है। इसके अंतर्गत स्वच्छता के लिए श्रमदान, गण्यमान्य व्यक्तियों द्वारा स्वच्छता श्रमदान, जनपद के चयनित दस ब्रांड एंबेसडर के साथ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को प्रचारित किए जाने हेतु परिचर्चा, खुले में शौच मुक्त ग्रामों की सस्टेनेबिल्टी मैपिंग, शौचालयों का स्थलीय सत्यापन आदि कार्य होने है। स्कूलों में भी अनेक प्रतियोगिताएं होंगी। डीएम ने सभी ईओ और बीडीओ को तीन दिन के अंदर बेसलाइन सर्वे वर्ष 2012 के उपरांत बड़े छोटे परिवारों की सूची बनाकर उन्हें देने के निर्देश दिए।
स्वच्छता से जुड़े समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता में अच्छा कार्य करने पर पुरस्कृत भी किया जाएगा। डीएम ने कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क किनारे गंदगी बढ़ती जा रही है। कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों, रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक स्थानों एवं धर्म स्थलों पर साफ-सफाई एवं शौचालय की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करे। डीपीआरओ को निर्देश देते हुए कहा कि जो गांव ओडीएफ हो चुके हैं वहां इसकी स्थिरता भी बरकरार रखी जाए। कहा कि स्वच्छाग्रही ही इस अभियान की रीढ़ हैं। इस दौरान सीडीओ प्रवीण मिश्र, सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, डीपीआरओ मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।