अनियंत्रित ट्रक पलटा, कार और दो बाइक क्षतिग्रस्त
नूरपुर। बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाइवे पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक मकान के सामने पलट गया। ट्रक के नीचे मकान के बाहर खड़ी एक कार, दो बाइक व एक साइकिल दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
हरियाणा के यमुनानगर निवासी ट्रक चालक नौशाद लखनऊ से ट्रक में प्लाईवुड भरकर यमुनानगर जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह बिजनौर मार्ग पर ब्लॉक तिराहे से कुछ आगे पहुंचा तो सामने से आ रही एक स्कूल की वैन को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने विनय शर्मा के मकान के सामने पलट गया। इस दौरान मकान के बाहर खड़ी विनय शर्मा के दामाद जागेश की कार एवं उसकी दो बाइक तथा एक साइकिल, ट्रक के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक पलटा उस समय वहां कोई मौजूद नही था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। रविवार की देर शाम नहटौर चौक पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक पर सवार गांव सुजातपुर टीकर निवासी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीएचसी से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।