रामनगर एक्सप्रेस टेन रद्द
नजीबाबाद। हरिद्वार से रामनगर जाने वाली रामनगर एक्सप्रेस रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, लंबी दूरी की कई ट्रेनें विलंब से चलने से भी यात्री परेशान रहे।
हरिद्वार से रामनगर जाने वाली अप व डाउन दिशा की एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बृहस्पतिवार को नहीं हुआ। लक्सर क्षेत्र में निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों का संचालन रद्द किया था। इनमें नजीबाबाद क्षेत्र से गुजरने वाली हरिद्वार से चलकर रामनगर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन शामिल थी। रेलवे द्वारा पूर्व में सूचना न दिए जाने से कई यात्री सफर के लिए स्टेशन पहुंचे। ट्रेन रद्द होने की सूचना पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
उधर, लंबी दूरी की ट्रेनें पिछले काफी समय से घंटों विलंब से चल रही हैं। बृहस्पतिवार को किसान एक्सप्रेस, स्यालदाह एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की कई ट्रेनें कई कई घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंचीं। जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी में घंटों रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की प्रतीक्षा करनी पड़ी।
राप्ति गंगा एक्सप्रेस से यात्री का बैग गिरा
नजीबाबाद। राप्ति गंगा एक्सप्रेस छूटने के बाद एक यात्री का बैग प्लेटफार्म की विपरीत दिशा में रेल ट्रेक पर गिर गया। ट्रेन गुजर जाने के बाद एसएस आरके मीणा की उपस्थिति में आरपीएफ ने बैग की तलाशी कराई। गाजीपुर बाराबंकी निवासी रामेंद्र सिंह की बैग से आईडी मिली। बैग में उसके कपड़े और कुछ सामान था। आरपीएफ ने बैग जीआरपी को सौंप दिया। दो दिन पहले कोटद्वार विवाह समारोह में आए एक रेलवे कर्मी के परिजनों ने अपने सामान के साथ किसी यात्री का बैग स्टेशन पर उतार लिया। घर पहुंचने पर किसी अन्य यात्री का बैग देखकर परिजनों ने तत्काल बैग एसएस नजीबाबाद के हवाले कर दिया। इसी बीच मुरादाबाद से नजीबाबाद स्टेशन पर बैग गुम होने की सूचना पर पहुंचा मुरादाबाद का यात्री एसएस आरके मीणा से अपना बैग ले गया। बैग में चांदी की पायल, 10 हजार रुपये की नगदी और कीमती वस्त्र भी रखे थे।