मंडावली (बिजनौर)। घरेलू कुकिंग गैस कनेक्शन चेक करने के नाम पर शुल्क वसूली का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध के चलते गैस कंपनी प्रतिनिधियों को धनराशि लौटानी पड़ी।
बुधवार सुबह गांव मंडावली में ग्रामीणों ने इंडेन कुकिंग गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों शकीला, आबिदा, नदीम, मुजाहिद का आरोप था कि घरेलू कुकिंग गैस कनेक्शन चेक करने के नाम पर गैस एजेंसी प्रतिनिधि उनसे 100-100 रुपये वसूल रहे हैं। और कनेक्शन चेक करने में केवल औपचारिकता की जा रही है। ग्रामीणों ने कनेक्शन चेक करने में जुटे नगीना निवासी भूपेंद्र को पकड़ लिया और इसकी सूचना मंडावली स्थित शकुंतलम इंडेन गैस एजेंसी स्वामी धनंजय को दी। एजेंसी स्वामी ने ग्रामीणों को बताया कि पेट्रोलियम गैस कंपनी द्वारा कुकिंग गैस कनेक्शन की जांच कराई जा रही है। इसके लिए 100 रुीपये शुल्क निर्धारित है। कनेक्शन चेक कराने के साथ फार्म भरने वाले उपभोक्ता को आकस्मिक घटना होने पर कंपनी द्वारा मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कनेक्शन चेक न कराने वाले उपभोक्ताओं को लिखित सूचना देने की सलाह दी। ग्रामीणों के विरोध के चलते चेकिंग में जुटे भूपेंद्र को धनराशि लौटानी पड़ी। प्रदर्शनकारियों में नसीमा, इकबाल, बुंदू, सलीम सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।