गांवों में मीटर लगाने के लिए विद्युत निगम सख्त
बिजनौर। विद्युत निगम गांवों में मीटर लगाने को लेकर सख्त हो गया है। मीटर लगवाने का विरोध करने वालों की गांववार सूची बना ली गई है। अब विरोध करने वाले वाले ग्रामवासियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता खिताब सिंह के अनुसार गांवों में मीटर लगाने का अभियान चल रहा है। निगम ने एसडीओ क्षेत्रवार मीटर लगाने के ठेके दे रखे हैं। आरोप है कि एसडीओ द्वितीय के क्षेत्र में आने वाले गांव कंभौर, अगरी, फजलपुर में कुछ ग्रामीण मीटर लगाने का विरोध कर रहे हैं। मीटर लगाने वाले कर्मचारियों व ठेकेदार के साथ बदसलूकी की जाती हैं। ग्रामीण मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। कई बार कर्मचारियों को जान बचाकर भागना पड़ा है। विरोध के चलते एसडीओ द्वितीय क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य के आधे भी मीटर नहीं लग सके हैं। ठेकेदार ने विरोध करने वाले तीनों गांवों के लोगों की सूची तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार सूची क्षेत्र के एसडीओ को सौंप दी गई है। एक्सईएन के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई कराई जाएगी।