अफजलगढ़। गांव मुरलीवाला गेट के नजदीक 36 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का 36 वर्षीय हरवंश उर्फ देव पुत्र जसवंत सिंह बुधवार की शाम अपने साथी सतेंद्र के साथ कालागढ़ गया था। देर शाम दोनों बाइक से लौट रहे थे। सतेंद्र के मुताबिक गांव के मोड़ के समीप उनकी बाइक दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इसमें वह दोनों एक नाले में जा गिरे। सतेंद्र ने बेहोशी की हालत में हरवंश को बाहर निकाला और उसके चचेरे भाई मोहन को सूचना दी। इसके बाद हरवंश को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे काशीपुर ले जा रहे थे। लेकिन रेहड के समीप हरवंश ने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हरवंश के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के साले विकास ने हरवंश की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, कोतवाल आशुतोष कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।